गोरखपुर
अखंड हिन्द फौज की भर्ती दौड़ में युवाओं ने दिखाई दमखम
वार्षिक प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने लिया उत्साह से भाग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश
संतकबीरनगर में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने युवाओं को देशभक्ति और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए किया प्रेरित
संतकबीरनगर। अखंड हिन्द फौज की ओर से रविवार को आयोजित वार्षिक भर्ती दौड़ प्रतियोगिता में जिले के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
युवाओं की भूमिका पर दिया जोर
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. सोनी सिंह (प्रबंधक, कल्पित हॉस्पिटल) ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना और देशप्रेम का विकास करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
अतिथियों ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह सौरभ जी, पूर्व सह जिला कार्यवाह एवं बस्ती विभाग के पूर्व बौद्धिक प्रमुख भास्कर मणि त्रिपाठी, जिला प्रचार प्रमुख दिग्विजय नाथ शुक्ल, द अखिल हिन्द फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक रघुविंद्र राजन सिंह, बीआरएस अकादमी के निदेशक हिमांशु जी तथा नगर प्रचारक देवेश जी सहित कई अतिथि मौजूद रहे। सभी ने प्रतिभागियों को अनुशासित जीवन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।
सैन्य प्रशिक्षण से विकसित होती हैं नेतृत्व क्षमता
आयोजकों के अनुसार, अखंड हिन्द फौज एक स्वयंसेवी, समाजसेवी एवं पुलिस मित्र संगठन है, जो 12 से 17 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं को सैन्य प्रशिक्षण देकर उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मरक्षा और देशभक्ति की भावना विकसित करने का कार्य करता है।
प्रतिभागियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रतियोगिता का संचालन एवं नेतृत्व सीनियर सीसीओ अनमोल जी, सीसीओ पलक जी और सीसीओ अनूप जी ने किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और उत्साह का परिचय दिया। समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
