गोरखपुर
मरीजों के मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
दो बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में, चोरी के छह मोबाइल बरामद
गोरखपुर। एम्स थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के साथ ही दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया है। इनके कब्जे से चोरी के छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष एम्स के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक हिमांशी पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ चेकिंग के दौरान कार्रवाई की। इस दौरान चोरी के मोबाइल बेचने की योजना बना रहे तीन अभियुक्तों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अविनाश कुमार पुत्र स्व. अरविंद कुमार निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना एम्स, भोलू सिंह पुत्र जीवधन चौधरी निवासी महेरवा की बारी, थाना एम्स और योगेंद्र चौधरी पुत्र रामवृक्ष चौधरी निवासी विशुनपुरवा, थाना कैंट, गोरखपुर के रूप में हुई है। इसके अलावा दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने संरक्षण में लिया है।
थके हुए मरीजों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एम्स अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और तीमारदारों को निशाना बनाते थे। जब लोग थककर अस्पताल परिसर में कहीं सो जाते थे, उसी दौरान मौका पाकर उनके मोबाइल चोरी कर लेते थे। इसके बाद मोबाइल का लॉक तुड़वाकर उन्हें बेच दिया करते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना एम्स में मु0अ0सं0 215/2026 धारा 317(2), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
