गोरखपुर
लिंक एक्सप्रेसवे से लखनऊ तक सीधी बस सेवा की मांग, परिवहन निगम को सौंपा ज्ञापन
गोरखपुर। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते सीधे लखनऊ तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बस सेवा शुरू कराने की मांग को लेकर भाजपा मंडल मंत्री शिवेश मिश्रा ने परिवहन निगम के अपर प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि गोरखपुर और लखनऊ के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं, लेकिन वर्तमान में परिवहन निगम की बसें गोरखपुर रोडवेज से अयोध्या होकर लखनऊ जाती हैं, जिससे यात्रियों का अधिक समय लगता है। यदि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए सीधी बस सेवा शुरू की जाती है तो यात्रा अधिक तेज, सुविधाजनक और समय की बचत वाली होगी।
शिवेश मिश्रा ने कहा कि एक्सप्रेसवे मार्ग का लाभ फिलहाल निजी परिवहन संचालक उठा रहे हैं, जबकि परिवहन निगम की बस सेवा उपलब्ध नहीं होने से आम यात्रियों को इसका पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि खजनी, बड़हलगंज, बेलघाट, सिकरीगंज, टांडा, अतरौलिया सहित आसपास के दर्जनों क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को इस बस सेवा से सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने जनहित को देखते हुए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते गोरखपुर से लखनऊ तक परिवहन निगम की नियमित बस सेवा शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अपर प्रबंध निदेशक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने तथा एक्सप्रेसवे मार्ग पर बस सेवा शुरू कराने के संबंध में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
