गोरखपुर
₹5 हजार का इनामी लूट का वांछित आरोपी गिरफ्तार
चार साल पुराने मामले में पुलिस को सफलता
गोरखपुर। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़हलगंज पुलिस ने लूट के मामले में ₹5,000 के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2022 से दर्ज लूट के मुकदमे में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बड़हलगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना बड़हलगंज पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 439/2022 से संबंधित वांछित आरोपी मिट्ठू किन्नर पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2022 को अज्ञात व्यक्तियों ने वादी के वाहन में दोनों ओर से घुसकर उसके साथ मारपीट की थी और ₹6,200 नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य जरूरी दस्तावेज छीन लिए थे। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बड़हलगंज में भारतीय दंड संहिता की धारा 394 एवं 411 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिट्ठू किन्नर पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद, निवासी जीवकर, थाना गगहा, जनपद गोरखपुर (वर्तमान पता: मुसहर बस्ती, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पर ₹5,000 का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
