गोरखपुर
एमएमएमयूटी में 11वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर होगा ‘माँ-बेटी सम्मेलन’
24 जुलाई को छात्राओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 5 अगस्त को कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी सम्मेलन की अध्यक्षता
स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक सुदृढ़ता और महिला सशक्तिकरण पर होगा संवाद, छात्राओं से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के 11वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। दीक्षांत समारोह के बाद विश्वविद्यालय में ‘माँ-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी। सम्मेलन में महिला स्वास्थ्य, सुरक्षा, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद होगा।
सम्मेलन की तैयारियों के तहत 24 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र में छात्राओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर विश्वविद्यालय के महिला कल्याण एवं उत्पीड़न विरोधी प्रकोष्ठ द्वारा छात्र क्रियाकलाप परिषद के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने छात्राओं से शिविर में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ छात्राएं ही स्वस्थ, सक्षम और आत्मनिर्भर समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय तकनीकी शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को भी समान प्राथमिकता देता है।
महिला कल्याण एवं उत्पीड़न विरोधी प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ. मीनू ने बताया कि शिविर में छात्राओं के हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर (बीपी) की निःशुल्क जांच की जाएगी। विश्वविद्यालय की चिकित्सा अधिकारी डॉ. रीना बंका ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से एनीमिया, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि 5 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाला ‘माँ-बेटी सम्मेलन’ केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि माताओं और बेटियों के बीच संवाद, विश्वास और जागरूकता को मजबूत करने की एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है। सम्मेलन में स्वास्थ्य, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल, डिजिटल युग की चुनौतियां, सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और महिलाओं के सर्वांगीण विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत चर्चा की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्राओं से 24 जुलाई को आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में अनिवार्य रूप से भाग लेने तथा आगामी माँ-बेटी सम्मेलन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।
