जौनपुर
स्कूल चलो अभियान 2.0 के तहत निकली जागरूकता रैली
शत-प्रतिशत नामांकन और ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने का दिया संदेश
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि व खंड शिक्षा अधिकारी ने दिखाई हरी झंडी, शिक्षा के लिए किया जनजागरण
सरायख्वाजा (जौनपुर)। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘स्कूल चलो अभियान 2.0’ के तहत सोमवार को स्थानीय विकास खंड परिसर से शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य रैली निकाली गई। अभियान का उद्देश्य कक्षा 1 से 8 तक के प्रत्येक बच्चे का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ना है।
सुबह 9 बजे ब्लॉक परिसर से शुरू हुई रैली को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव और खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सर्वशिक्षा अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, एआरपी, शिक्षामित्र, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ढोल-नगाड़ों और शिक्षा जागरूकता के नारों के साथ निकली रैली विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। छात्र-छात्राएं हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर लोगों को शिक्षा का महत्व बताते रहे तथा अभिभावकों से बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने और नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। रैली के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में यह संदेश दिया गया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के समापन पर खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण यादव ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, एआरपी, छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है और प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाई जा सकती है।
