Connect with us

जौनपुर

एशियन पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी आरती गौतम

Published

on

Loading...
Loading...

जौनपुर की बेटी 15 से 25 जुलाई तक वियतनाम में दिखाएंगी दम, गांडा स्पर्धा में करेंगी चुनौती पेश

सीमित संसाधनों से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर, स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगा लहराने का लक्ष्य

मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। क्षेत्र के सराय रुस्तम (कमालपुर) गांव की होनहार पेंचक सिलाट खिलाड़ी आरती गौतम का चयन 15 से 25 जुलाई तक वियतनाम में आयोजित होने वाली 10वीं सीनियर एशियन पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वह गांडा स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके चयन से जौनपुर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

स्वर्गीय कृष्ण चंद्र गौतम की पुत्री आरती ने सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बीच कठिन परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई है। कराटे में ब्लैक बेल्ट हासिल कर चुकी आरती ने पेंचक सिलाट में भी लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी सफलता में प्रशिक्षक छोटेलाल बिंद और कोच रामजीत का अहम योगदान रहा है।

आरती ने फेडरेशन कप, ऑल इंडिया पेंचक सिलाट चैंपियनशिप और खेलो इंडिया सहित कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारतीय टीम में स्थान बनाया। अब वह पहली बार एशियाई स्तर पर भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगी।

Advertisement

वियतनाम रवाना होने से पहले आरती ने कहा कि देश के लिए खेलना उनका बचपन का सपना था। उन्होंने विश्वास जताया कि वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर भारत का तिरंगा शान से लहराने का पूरा प्रयास करेंगी।

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए आरती को आर्थिक सहयोग भी मिला। समाजवादी पार्टी के नेताओं और स्थानीय उद्योगपतियों ने संयुक्त रूप से ढाई लाख रुपये की सहायता प्रदान की। वियतनाम रवाना होने से पहले गांव से प्रयागराज रेलवे स्टेशन तक उनका भव्य स्वागत और विदाई की गई। सहसों में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। जिले के खिलाड़ियों, खेल संगठनों और क्षेत्रवासियों ने आरती के उज्ज्वल प्रदर्शन तथा भारत के लिए पदक जीतने की कामना की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page