गाजीपुर
पीजी कॉलेज गाजीपुर में स्नातक-परास्नातक प्रवेश शुरू
‘प्रथम आओ-प्रथम पाओ’ के आधार पर होगा दाखिला, 16 जुलाई से काउंसलिंग
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, पारदर्शिता के लिए डिजिटल काउंसलिंग व्यवस्था लागू
गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश ‘प्रथम आओ-प्रथम पाओ’ (First Come-First Served) के आधार पर किए जाएंगे।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रवेश संबंधी विस्तृत सूचना कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। अभ्यर्थी तत्काल ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड करने के बाद अभ्यर्थियों को आवश्यक मूल अभिलेखों के साथ 16 जुलाई 2026 से प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक काउंसलिंग समिति के समक्ष उपस्थित होकर दस्तावेज जमा करने होंगे।
उन्होंने बताया कि निर्धारित समय के भीतर आवेदन पत्र एवं प्रवेश शुल्क जमा नहीं करने पर संबंधित सीट रिक्त मान ली जाएगी और उस पर अन्य अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर दिया जाएगा।
प्राचार्य ने कहा कि डिजिटल इंडिया की अवधारणा को बढ़ावा देते हुए महाविद्यालय में ऑनलाइन काउंसलिंग की व्यवस्था लागू की गई है, जिससे प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे समय रहते अपने पाल्यों का ऑनलाइन आवेदन भरवाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी कराएं।
