Connect with us

वाराणसी

पिकअप की टक्कर से फर्नीचर कारीगर की मौत, मुआवजे की मांग पर लगा जाम

Published

on

Loading...
Loading...

एसडीएम के आश्वासन के बाद खुला वाराणसी-जौनपुर मार्ग, चालक फरार

घर के बाहर खड़े युवक को मैजिक वाहन की टक्कर से लगी चोट, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया

पिंडरा (वाराणसी)। फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में सोमवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय फर्नीचर कारीगर की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने सोमवार सुबह शव को वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहने के बाद एसडीएम के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।

जानकारी के अनुसार पिंडरा बाजार निवासी स्वर्गीय मदन लाल विश्वकर्मा के पुत्र जयप्रकाश विश्वकर्मा उर्फ छोटू (35) फर्नीचर कारीगरी का कार्य करते थे। सोमवार तड़के करीब 1:30 बजे वह घर से बाहर निकले और सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान फूलपुर की ओर से तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर घर के पास खड़ी एक मैजिक मालवाहक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मैजिक वाहन के धक्के से जयप्रकाश उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

मुआवजे की मांग को लेकर लगा जाम

हादसे के विरोध में परिजनों ने सोमवार सुबह करीब छह बजे शव को सड़क पर रखकर वाराणसी-जौनपुर मार्ग जाम कर दिया। परिजन मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

सूचना पर एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा और फूलपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई और हरसंभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया।

परिवार को सरकारी सहायता का आश्वासन

एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिवार को किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत ₹5 लाख की आर्थिक सहायता, पत्नी को विधवा पेंशन तथा मृतक की दोनों बेटियों को इंस्पायर योजना के तहत लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही परिवार के एक सदस्य को अमूल कंपनी में रोजगार दिलाने का भी प्रयास किया जाएगा।

वाहन कब्जे में, चालक की तलाश जारी

फूलपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में शामिल बोलेरो पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो पिकअप अमूल दुग्ध प्लांट से दूध लेकर वाराणसी की ओर जा रही थी। मृतक जयप्रकाश दो भाइयों में छोटे थे और फर्नीचर कारीगरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से पत्नी और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और क्षेत्रीय लोग भी मौके पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page