Connect with us

वाराणसी

रास्ते के विवाद में मड़हा गिराया, पुलिस के सामने चले ईंट-पत्थर

Published

on

Loading...
Loading...

हिंसक झड़प में महिला गंभीर घायल, पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर पक्षपात का लगाया आरोप

20 वर्ष पुराने मड़हे को तोड़ने का आरोप, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी

पिंडरा (वाराणसी), 13 जुलाई 2026। फूलपुर थाना क्षेत्र के परसरा गांव में रास्ते के विवाद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि करीब 10 फीट चौड़े रास्ते को लेकर पहले 20 वर्ष पुराने मड़हे को गिरा दिया गया और अगले दिन पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

पीड़िता बिंदु देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके घर के पास करीब 20 वर्षों से बना मड़हा रविवार को पड़ोसी गौतम राम समेत आधा दर्जन से अधिक महिला-पुरुषों ने जबरन गिरा दिया। विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना उसी दिन फूलपुर पुलिस को दी गई, लेकिन तत्काल कार्रवाई के बजाय केवल जांच का आश्वासन मिला।

सोमवार को औद्योगिक चौकी की पुलिस जांच के लिए गांव पहुंची। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद बढ़ गया और पुलिस के सामने ही ईंट-पत्थर चलने लगे। झड़प में बिंदु देवी की ननद सुनीता देवी, निवासी खेवसीपुर, गंभीर रूप से घायल हो गईं।

Advertisement

घायल महिला को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में औद्योगिक चौकी प्रभारी अमित पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page