गाजीपुर
भांवरकोल टोल प्लाजा पर चला सघन वाहन चेकिंग अभियान, 150 वाहनों का चालान
प्रेशर हॉर्न, HSRP नंबर प्लेट और यातायात नियमों के उल्लंघन पर तीन लाख रुपये का जुर्माना
एडीजी यातायात के निर्देश पर आठ टीमों ने की संयुक्त कार्रवाई, ड्रंकन ड्राइव व मॉडिफाइड साइलेंसर पर भी रही विशेष नजर
गाजीपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के उद्देश्य से भांवरकोल टोल प्लाजा पर रविवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में चले इस अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 150 वाहनों का चालान करते हुए करीब तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार एवं थाना प्रभारी भांवरकोल ने किया। कार्रवाई के लिए कुल आठ टीमों का गठन किया गया था।

चेकिंग के दौरान प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले 9 वाहनों तथा एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) एवं नंबर प्लेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा ड्रंकन ड्राइव, मॉडिफाइड साइलेंसर और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की गई।
