गाजीपुर
मिशन संकल्प स्कॉलरशिप योजना से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मिल रही नई उड़ान
डॉ. वसीम रज़ा अंसारी के नेतृत्व में जीरो ट्यूशन फीस पर उच्च शिक्षा का अभियान, कई विद्यार्थियों को मिला कॉलेज आवंटन
गाजीपुर, वाराणसी, भदोही समेत कई जिलों के मेधावी छात्र-छात्राओं को मिल रहा निःशुल्क उच्च शिक्षा का अवसर
बहरियाबाद (गाजीपुर)। आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित मिशन संकल्प स्कॉलरशिप योजना देशभर में नई उम्मीद जगा रही है। समाजसेवी डॉ. वसीम रज़ा अंसारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय मानवाधिकार एंड एंटी करप्शन मिशन तथा डॉ. वसीम रज़ा फाउंडेशन ग्रुप के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से संचालित इस योजना के तहत विद्यार्थियों को जीरो ट्यूशन फीस पर उच्च शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
योजना के अंतर्गत विद्यार्थी देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में योजना के संचालन की जिम्मेदारी मो. फैजान (प्रदेश उपाध्यक्ष) एवं उनकी टीम संभाल रही है, जबकि वाराणसी मंडल एवं आसपास के जिलों में मुस्ताक अहमद (राष्ट्रीय सलाहकार), एडवोकेट एहसान अहमद (राष्ट्रीय मुख्य सचिव), हाजी डॉ. इश्तियाक अहमद (मंडल प्रभारी एवं जिलाध्यक्ष, गाजीपुर) तथा नोमान अंसारी (मंडल सचिव, वाराणसी) विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
रोजमाईन चैरिटेबल ट्रस्ट, सोशल वेलफेयर ट्रस्ट, दिलदारनगर, तथा इस्लामिया एजुकेशनल सोसाइटी, दिलदारनगर के संयुक्त सहयोग से संचालित इस अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के अनेक विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर उन्हें विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में कॉलेज आवंटित किए गए हैं। गाजीपुर, वाराणसी, भदोही सहित कई जनपदों के दर्जनों छात्र-छात्राओं को इस योजना का लाभ मिला है। विशेष रूप से भदोही जिले के विद्यार्थियों का सफल प्रवेश इस पहल की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस अवसर पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. वसीम रज़ा अंसारी ने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। मिशन संकल्प स्कॉलरशिप योजना का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपने सपनों को साकार नहीं कर पाते। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के प्रति समर्पित रहने तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित लोगों ने मिशन संकल्प स्कॉलरशिप योजना की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल बताया। विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने राष्ट्रीय मानवाधिकार एंड एंटी करप्शन मिशन, रोजमाईन चैरिटेबल ट्रस्ट, सोशल वेलफेयर ट्रस्ट, इस्लामिया एजुकेशनल सोसाइटी तथा सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
