गाजीपुर
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत गाजीपुर में चला विशेष जागरूकता अभियान
बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की पैदल गश्त, एंटी रोमियो टीम ने की सघन चेकिंग
महिलाओं की सुरक्षा और शोहदों पर कार्रवाई को लेकर जिलेभर में चलाया गया अभियान
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ अभियान के तहत रविवार को जनपद गाजीपुर में व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल ने पैदल गश्त कर आमजन, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी तथा मिशन शक्ति अभियान के प्रति जागरूक किया।
इसके साथ ही जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील स्थानों पर सघन भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान संदिग्ध एवं शोहदा तत्वों की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनमें सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
