गाजीपुर
पीएम श्री विद्यालय मरदह में वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित
शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अपने-अपने नाम का पौधा लगाकर संरक्षण का लिया संकल्प
प्रधानाध्यापिका ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, जलवायु परिवर्तन से बचाव के लिए वृक्षारोपण पर दिया जोर
मरदह (गाजीपुर)। शासन के निर्देशानुसार पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय मरदह परिसर में रविवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने-अपने नाम का एक-एक पौधा लगाया और उसके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका सत्यवती ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक समस्याओं का सबसे प्रभावी समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाले समय में पर्यावरणीय संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर माया सिंह, राजीव सिंह, दुर्गा प्रसाद सिंह, उपेंद्र गौड़, राजेश भारती, रविंद्र मौर्य, रजनी सिंह, रामानंद, दुर्गेश कुमारी, अनामिका गुप्ता, पुष्पा चतुर्वेदी, रानी दुबे, अर्चना मौर्य, विजयमल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
