वाराणसी
11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत
कठिरांव इंटर कॉलेज के पास हुआ हादसा, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
फूलपुर थाना क्षेत्र के लठिया कठिरांव गांव की घटना, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के लठिया कठिरांव गांव में रविवार सुबह 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार अभय कुमार सोनकर (21) पुत्र रमेश सोनकर, निवासी लठिया कठिरांव, रविवार सुबह करीब सात बजे कठिरांव इंटर कॉलेज के पास किसी कार्य से गया था। इसी दौरान वह 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना सुबह लगभग 9:15 बजे फूलपुर थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया युवक की मौत विद्युत करंट की चपेट में आने से हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
