वाराणसी
मुख्यमंत्री योगी ने नवोदय विद्यालय गजोखर के प्राचार्य को किया सम्मानित
स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग में फाइव स्टार हासिल कर लखनऊ रीजन का एकमात्र नवोदय विद्यालय बना टॉप-20 में शामिल
पिंडरा (वाराणसी)। स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, गजोखर को बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। वाराणसी के बड़ालालपुर स्थित पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य नागेश कुमार मिश्रा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
विद्यालय को फाइव स्टार रेटिंग प्राप्त होने के साथ ही उत्तर प्रदेश के टॉप-20 स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों में स्थान मिला है। साथ ही यह लखनऊ रीजन का एकमात्र जवाहर नवोदय विद्यालय है, जिसे इस उपलब्धि के लिए चयनित किया गया।
मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होने पर विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने इसे स्वच्छता, हरित परिसर और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण की दिशा में किए गए सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
विद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और अभिभावकों के सहयोग को देते हुए भविष्य में भी स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल परिसर बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
