मिर्ज़ापुर
टीईटी परीक्षा के दौरान छात्र-छात्रा की तबीयत बिगड़ी, डॉक्टरों ने मौके पर पहुंचकर किया उपचार
सीने में दर्द और उल्टी की शिकायत पर मेडिकल टीम ने दी तत्काल चिकित्सा, दोनों ने फिर दी परीक्षा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछवा की टीम की तत्परता से अभ्यर्थियों को मिली राहत
मिर्जापुर। श्री गांधी विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, कछवा में आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दौरान एक छात्र और एक छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछवा की मेडिकल टीम परीक्षा केंद्र पहुंची और दोनों का मौके पर ही उपचार किया।
जानकारी के अनुसार, एक छात्र ने सीने में दर्द की शिकायत की, जबकि एक छात्रा को उल्टी और कमजोरी महसूस होने लगी। सूचना पर सीएचसी कछवा के अधीक्षक डॉ. सी.बी. पटेल के नेतृत्व में मेडिकल टीम तत्काल परीक्षा केंद्र पहुंची।
टीम में डॉ. श्वेता सिंह, संतोष त्रिपाठी, चंदन पांडेय एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। चिकित्सकों ने दोनों अभ्यर्थियों का रक्तचाप (बीपी) और पल्स की जांच की तथा आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों अभ्यर्थियों की स्थिति सामान्य होने पर उन्हें परीक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से दोनों को राहत मिली।
