मिर्ज़ापुर
उद्योगपतियों ने विधायक को सौंपा मांगपत्र, मीरजापुर में औद्योगिक पार्क की उठी मांग
कालीन-दरी उद्योग को क्लस्टर सुविधा देने सहित कई मुद्दों पर चर्चा
मीरजापुर। विंध्याचल स्थित कैंप कार्यालय पर नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र से मीरजापुर दरी-कार्पेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन एवं इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA), मीरजापुर के पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट कर विभिन्न औद्योगिक विकास संबंधी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने जनपद में नए औद्योगिक पार्क की स्थापना, कालीन-दरी उद्योग को क्लस्टर सुविधाएं, सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था को मजबूत करने तथा बिजली, पानी एवं लॉजिस्टिक्स सुविधाओं में सुधार की मांग उठाई।
निवेश और रोजगार बढ़ाने पर जोर
उद्योगपतियों ने कहा कि मीरजापुर-भदोही बेल्ट विश्व प्रसिद्ध कालीन उद्योग का केंद्र है, लेकिन आधुनिक औद्योगिक पार्क के अभाव में निवेश और रोजगार की संभावनाएं अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रही हैं।
विधायक ने दिया आश्वासन
विधायक पं. रत्नाकर मिश्र ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि जनहित और औद्योगिक विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों से समन्वय कर प्रस्ताव को शासन स्तर तक भेजा जाएगा।
नियमित जनसुनवाई जारी
विधायक ने बताया कि वे विंध्याचल स्थित कैंप कार्यालय पर नियमित रूप से जनता और विभिन्न संगठनों की समस्याएं सुनते हैं तथा उनके समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं।
