आजमगढ़
आरटीओ-एआरटीओ पहुंचे धरना स्थल, चालक संगठन को वार्ता का आश्वासन
मंगलवार को परिवहन आयुक्त से होगी बैठक, फिलहाल स्थगित हुआ आंदोलन
10 सूत्रीय मांगों पर होगी चर्चा, चालक आयोग और कल्याण बोर्ड गठन की उठी मांग
आजमगढ़। वाहन चालक कल्याण समिति संपूर्ण भारत के आह्वान पर रिक्शा स्टैंड पर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के चौथे दिन परिवहन विभाग के अधिकारी धरना स्थल पहुंचे। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुनील दत्त और एआरटीओ (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव ने संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं।
अधिकारियों ने बताया कि परिवहन आयुक्त ने मंगलवार को लखनऊ में चालक प्रतिनिधियों के साथ बैठक के लिए समय दिया है। बैठक में संगठन की मांगों पर विस्तार से चर्चा कर विभागीय स्तर पर समाधान का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि आंदोलन की जानकारी शुक्रवार को मिलने के बाद वे समाधान के उद्देश्य से वार्ता के लिए पहुंचे हैं।
वार्ता के बाद वाहन चालक कल्याण समिति संपूर्ण भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव ने कहा कि अधिकारियों के आश्वासन के बाद संगठन ने फिलहाल धरना समाप्त नहीं, बल्कि स्थगित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को परिवहन आयुक्त के साथ होने वाली बैठक के बाद आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।
सुरेश यादव ने बताया कि संगठन की 10 सूत्रीय मांगों में राष्ट्रीय चालक आयोग, ड्राइवर सुरक्षा बोर्ड और चालक कल्याण बोर्ड की स्थापना प्रमुख है। इसके अलावा चालकों की समस्याओं के समाधान के लिए अलग विभाग गठित करने की भी मांग की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लखनऊ में होने वाली वार्ता के बाद सरकार का रुख स्पष्ट होगा।
