भदोही
अवैध बालू खनन में सात लोगों पर मुकदमा दर्ज
बिहरोजपुर गंगा घाट पर बालू लदे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक मौके से फरार
खनन विभाग की तहरीर पर गोपीगंज पुलिस ने शुरू की जांच
भदोही। गोपीगंज पुलिस ने अवैध बालू खनन और परिवहन के मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई खान निरीक्षक की तहरीर पर की गई। मामले में बालू लदे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त किए गए हैं, जबकि एक चालक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया।
खान निरीक्षक के अनुसार, उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद की सूचना पर 2 जुलाई को बिहरोजपुर गंगा घाट पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बालू से लदे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर गोपीगंज कोतवाली में खड़ा कराया गया।
जांच में घाट पर बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन और परिवहन की पुष्टि होने पर बिहरोजपुर निवासी जय देवी, राजन कुमार, गोलू, राकेश, अरविंद कुमार, सुजातपुर निवासी शशिकांत तथा बेरासपुर निवासी धीरज निषाद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
