वाराणसी
दीपक कुमार बजाज फिर बने इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव
वाराणसी के उद्योग जगत में खुशी की लहर, उद्यमियों ने दी बधाई
एमएसएमई के विकास और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को बताया प्राथमिकता
वाराणसी। उत्तर भारत के प्रमुख औद्योगिक संगठन इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ने वाराणसी के वरिष्ठ उद्यमी दीपक कुमार बजाज को पुनः राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है। उनकी दोबारा नियुक्ति से वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल के उद्यमियों और व्यापारियों में उत्साह का माहौल है।
आईआईए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और हरियाणा में सक्रिय औद्योगिक संगठन है, जिसके 16,500 से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं। संगठन में दीपक कुमार बजाज को लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने को उद्यमियों ने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव दीपक कुमार बजाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के विकास में आईआईए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने संगठन के अध्यक्ष दिनेश गोयल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर दोबारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उद्यमियों की समस्याओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना, उनके समाधान के लिए प्रयास करना तथा उद्योगों के सुचारु संचालन में सहयोग देना उनकी प्राथमिकता होगी।
दीपक कुमार बजाज की नियुक्ति पर आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर.के. चौधरी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजेश भाटिया, सचिव अनुपम देवा, नीरज पारिख, चैप्टर चेयरमैन पंकज अग्रवाल सहित अनेक उद्यमियों और व्यापारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उद्यमियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और उद्योग जगत को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
