वाराणसी
8 जुलाई को वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे सीएम योगी
टीएफसी सभागार में शिक्षकों को सौंपेंगे डेमो कार्ड, सालाना 5 लाख तक मिलेगा कैशलेस इलाज
दो दिवसीय काशी दौरे पर विकास कार्यों की समीक्षा, मंदिरों में दर्शन और शादी समारोह में भी होंगे शामिल
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 8 जुलाई को वाराणसी से ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ करेंगे। बड़ालालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर (टीएफसी) सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वह करीब एक दर्जन शिक्षकों को डेमो कार्ड वितरित करेंगे। योजना के तहत पात्र शिक्षकों, कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।
जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री 7 जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। आगमन के बाद वह विकास परियोजनाओं, विभिन्न कार्यक्रमों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर सकते हैं। इसके बाद आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री शाम को श्री काशी विश्वनाथ धाम और कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करने के बाद 8 जुलाई की सुबह लगभग 9:30 बजे टीएफसी सभागार पहुंचकर मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
