भदोही
ज्ञानपुर रोड स्टेशन के प्लेटफार्म-2 पर बैरिकेडिंग न होने से हादसे का खतरा
प्लेटफार्म पर बाइक-कार की आवाजाही से यात्रियों में बढ़ी चिंता
ज्ञानपुर रोड। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-2 पर बैरिकेडिंग न होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। केडवड़िया रेलवे फाटक की ओर से वाहन सीधे प्लेटफार्म तक पहुंच जा रहे हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
यात्रियों का कहना है कि प्लेटफार्म पर बाइक और कार की आवाजाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ट्रेन आने-जाने के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को प्लेटफार्म पर चलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से तत्काल बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर दयाशंकर यादव ने बताया कि प्लेटफार्म संख्या-2 पर बैरिकेडिंग न होने की जानकारी स्टेशन मास्टर को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
