मिर्ज़ापुर
विंध्याचल के दुबरा पहाड़ी में चाकूबाजी, दो युवक गंभीर घायल
पुरानी रंजिश में धारदार हथियार से हमला, एक को BHU ट्रॉमा सेंटर रेफर
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
मिर्जापुर/विंध्याचल। थाना विंध्याचल क्षेत्र के दुबरा पहाड़ी में गुरुवार को चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। पुरानी रंजिश और आपसी विवाद में दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
घायलों की पहचान शुभम सिंह (26) पुत्र शिव कुमार सिंह और अनिल सिंह (30) पुत्र धर्मेंद्र सिंह, दोनों निवासी दुबरा पहाड़ी, थाना विंध्याचल के रूप में हुई है।
प्राथमिक उपचार के बाद BHU ट्रॉमा सेंटर किया गया रेफर
हमले में शुभम सिंह के शरीर पर कई स्थानों पर चाकू से वार किए गए। उसे गंभीर हालत में मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
वहीं अनिल सिंह के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया।
विवाद के बाद हुआ हमला, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विंध्याचल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए आसपास के थानों की पुलिस भी बुला ली गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे दोनों युवक लहूलुहान होकर गिर पड़े।
इलाके में तनाव, आरोपियों की तलाश जारी
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
