Connect with us

भदोही

राधा-कृष्ण मंदिर में धूमधाम से मनाई गई स्नान पूर्णिमा

Published

on

Loading...
Loading...

108 कलशों से हुआ भगवान जगन्नाथ का जलाभिषेक, अब 15 दिन के अनासर पर रहेंगे महाप्रभु

गोपीगंज (भदोही)। नगर के ज्ञानपुर रोड स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर, सोनिया तालाब में सोमवार सायंकाल स्नान पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की वार्षिक स्नान यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

108 कलशों के सुगंधित जल से हुआ महाभिषेक

धार्मिक अनुष्ठान के तहत भगवान के विग्रहों को रत्नवेदी से निकालकर स्नान मंडप में विराजमान कराया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 108 कलशों में भरे सुगंधित एवं औषधीय जल से भगवान का विधि-विधानपूर्वक महाभिषेक किया गया।

गज वेश में सजे महाप्रभु

Advertisement

स्नान के उपरांत भगवान जगन्नाथ को आकर्षक ‘गज वेश’ (हाथी स्वरूप) में अलंकृत किया गया। महाप्रभु के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा मंदिर परिसर जयघोष से गूंज उठा।

15 दिनों तक रहेंगे अनासर पर

श्री मंगलम सेवा समिति के अरुण कुमार ‘मिंकू’ ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार स्नान पूर्णिमा के बाद भगवान अस्वस्थ हो जाते हैं और 15 दिनों के लिए ‘अनासर’ (एकांतवास) पर चले जाते हैं। इस दौरान मंदिर में भगवान के नियमित दर्शन नहीं होंगे।

उन्होंने बताया कि अनासर अवधि में भगवान को आयुर्वेदिक काढ़े का भोग लगाया जाएगा तथा वैद्य परंपरा के अनुसार उनकी सेवा की जाएगी। इसके बाद रथयात्रा के दिन महाप्रभु पुनः भक्तों को दर्शन देंगे।

भजन-कीर्तन से भक्तिमय रहा माहौल

Advertisement

स्नान पूर्णिमा महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने महाप्रभु के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर समिति ने बताया कि आगामी रथयात्रा महोत्सव की तैयारियां भी प्रारंभ कर दी गई हैं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page