गाजीपुर
बहरियाबाद क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया जश्ने आजादी का पर्व
सरकारी, अर्धसरकारी और शिक्षण संस्थानों में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा क्षेत्र
ध्वजारोहण के साथ स्वतंत्रता सेनानियों को किया गया नमन, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम
बहरियाबाद (गाजीपुर)। बहरियाबाद क्षेत्र एवं आसपास के गांवों में स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सरकारी, अर्धसरकारी, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। इस दौरान देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

शिक्षण संस्थानों में हुआ ध्वजारोहण
अब्दुल वाजिद अंसारी, प्रबंध निदेशक ने बहरुल उलूम ओरिएंटल इंटर कॉलेज, बहरुल उलूम ओरिएंटल कॉलेज, बहरुल उलूम संस्कृत विद्यालय, बहरुल उलूम गर्ल्स जूनियर हाई स्कूल और लिटिल ब्लॉसम इंटरनेशनल स्कूल में ध्वजारोहण किया। अजय सहाय प्रबंधक ने सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज एवं डिग्री कॉलेज तथा ज्ञानोदय कोचिंग सेंटर में तिरंगा फहराया।
आदर्श रघु माध्यमिक विद्यालय चक फरीद में प्रधानाचार्य राघवेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय बहरियाबाद में प्रधानाध्यापक रतन चौहान ने ध्वजारोहण किया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

गांवों और संस्थानों में भी दिखा उत्साह
ग्राम प्रधान उदयभान पूर्व सैनिक ने क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, ग्राम सचिवालयों, अमृत सरोवर एवं खेल मैदानों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। हमें उनकी कुर्बानियों को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने, स्वच्छता का ध्यान रखने और भारत की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।
डॉ. निसार अहमद अंसारी ने हाफिज अब्दुल मन्नान अंसारी शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में ध्वजारोहण किया। श्याम सुंदर जायसवाल ने ग्राम पंचायत कबीरपुर के सचिवालय में तिरंगा फहराया। बैकुंठ लाल कुशवाहा ने भी ध्वजारोहण कार्यक्रम में सहभागिता की।

विभिन्न संगठनों और प्रतिष्ठानों में भी फहराया तिरंगा
क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं निजी संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित हुए। राम कृष्ण सोनकर, डॉ. संजय कन्नौजिया, अब्दुल खालिक उर्फ गुड्डू, दानिश वरा, श्याम नारायण, डॉ. वसीम रजा, रहमान इद्रीशी उर्फ बेचू, डॉ. इश्तियाक अहमद सहित विभिन्न संस्थानों एवं संगठनों से जुड़े लोगों ने ध्वजारोहण किया।
नूतन इंटर कॉलेज भरतपुर, भागीरथ बालक-बालिका इंटर कॉलेज, जीबी पब्लिक स्कूल, कृष्ण सन शाइन कान्वेंट स्कूल कादीपुर, एसडीपी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पलिवार सहित अनेक शिक्षण संस्थानों में भी पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।

बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं अन्य रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय परिसरों में देशभक्ति के नारों और गीतों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रमों में शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पूरे क्षेत्र में दिनभर देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। विभिन्न कार्यक्रमों में वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
