Connect with us

गाजीपुर

सावन के तीसरे सोमवार ने मोहम्मदाबाद को दिया गहरा जख्म

Published

on

Loading...
Loading...

गायत्री घाट पर स्नान के दौरान हादसा, जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित किया

19 और 20 वर्ष के थे दोनों युवक, घटना के बाद परिवारों में मचा कोहराम

मोहम्मदाबाद (गाजीपुर)। सावन के तीसरे सोमवार का पावन दिन मोहम्मदाबाद क्षेत्र के लिए बेहद दुखद साबित हुआ। गौसपुर स्थित गायत्री घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे दो युवकों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

बताया गया कि शैव टोला वार्ड नंबर-17 निवासी गुलशन कुशवाहा (19) पुत्र संतोष कुशवाहा और अरुण पाण्डेय (20) पुत्र त्रियोगी पाण्डेय सोमवार को गंगा स्नान के लिए गायत्री घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान दोनों युवक गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला।

Advertisement

अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी जान

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना से घाट पर पसरा सन्नाटा

महज 19 और 20 वर्ष की उम्र में दो युवाओं की असमय मौत से मोहम्मदाबाद क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई में जुट गए। हादसे के बाद गायत्री घाट पर भी शोक और सन्नाटे का माहौल बना रहा।

सावन के तीसरे सोमवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर पर्याप्त निगरानी और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाने की आवश्यकता जताई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page