Connect with us

गाजीपुर

पत्रकार पुरम गली में बिजली के तारों पर चढ़ी लताएं, हादसे का खतरा

Published

on

Loading...
Loading...

खुले तारों को लताओं ने घेरा, स्पार्किंग और करंट उतरने की आशंका से लोगों में चिंता

अस्पताल व जांच केंद्र के पास से गुजरता है रास्ता, विद्युत विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग

नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज बाजार स्थित सरकारी अस्पताल के समीप पत्रकार पुरम गली के मुहाने पर बिजली के खुले तार इन दिनों हरे पौधों और लताओं से घिरते जा रहे हैं। लताएं बिजली के तारों पर चढ़कर उन्हें अपने आगोश में ले रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। लोगों का कहना है कि तारों में स्पार्किंग होने अथवा करंट उतरने की स्थिति में गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

मरीजों और तीमारदारों का रहता है आवागमन

जिस स्थान पर बिजली के तार लताओं से घिरे हुए हैं, उसके पास ही अल्ट्रासाउंड एवं जांच केंद्र भी संचालित होता है। यहां दिनभर मरीजों और उनके तीमारदारों का आवागमन लगा रहता है। ऐसे में खुले बिजली के तारों के आसपास फैली लताओं को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

समय रहते कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में नमी के कारण बिजली के तारों और लताओं से खतरा और बढ़ सकता है। यदि समय रहते लताओं को हटाकर विद्युत तारों की जांच नहीं कराई गई तो किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Advertisement

ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मौके पर तत्काल कर्मचारियों को भेजकर बिजली के तारों से लताओं को हटाया जाए और तारों की सुरक्षा जांच कराई जाए, ताकि संभावित दुर्घटना को समय रहते टाला जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page