गाजीपुर
हाईवे किनारे मिला युवक का शव, दुल्लहपुर बाजार में फैली सनसनी
रेलवे गेट के पास संदिग्ध हालात में मिली लाश, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। दुल्लहपुर मुख्य बाजार स्थित गाजीपुर-आजमगढ़ हाईवे पर बंद पड़े रेलवे गेट संख्या 11-बी के समीप सोमवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सुबह से गेट के पास बैठा था युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सुबह से ही रेलवे गेट के आसपास नशे की हालत में बैठा दिखाई दे रहा था। राहगीरों को लगा कि वह नशे में है और कुछ देर बाद अपने घर चला जाएगा।
स्थानीय लोगों ने उसे उठाने का प्रयास किया तथा सिर पर पानी डालकर होश में लाने की कोशिश भी की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दोपहर करीब 3:40 बजे लोगों को उसके मृत होने की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जेब से मिले दस्तावेजों से हुई पहचान
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच-पड़ताल शुरू की। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से नकदी, एटीएम कार्ड तथा नीलकंठ एचपी गैस का नया पंजीकरण रसीद बरामद हुआ।
दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान राजू कुमार (लगभग 40 वर्ष) पुत्र संतु कुमार, निवासी जलालाबाद भागीरथपुर, थाना दुल्लहपुर के रूप में हुई।
राजमिस्त्री था मृतक, शिक्षक बनने का भी था सपना
परिजनों के अनुसार राजू कुमार पेशे से राजमिस्त्री था। पढ़ा-लिखा होने के कारण वह शिक्षक बनने के लिए भी प्रयासरत था। परिवार में पत्नी समीना और दो बच्चे हैं।
बताया गया कि कुछ दिनों पहले पत्नी से विवाद के बाद वह मानसिक तनाव में चल रहा था।

सीने पर चोट का निशान मिलने से बढ़ी चर्चा
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मृतक के सीने पर चोट का निशान था, जिस पर पट्टी बंधी हुई थी। वह नेवी ब्लू रंग की शर्ट और जींस पहने हुए था।
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि भीषण गर्मी, शारीरिक कमजोरी अथवा अन्य किसी कारण से उसकी मौत हुई हो सकती है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
परिवार में मचा कोहराम, क्षेत्र में चर्चा का माहौल
राजू कुमार की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
रहस्य बनी मौत, रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्ष पर टिकी हैं।
