गाजीपुर
पोखरे में डूबने से जुड़वा भाइयों की मौत, गांव में मातम
नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज थाना क्षेत्र के मुड़रभा गांव में सोमवार को पोखरे में डूबने से 16 वर्षीय जुड़वा भाइयों हिमांशु यादव और प्रियांशु यादव की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि मुड़रभा गांव निवासी बच्चे लाल यादव के पुत्र हिमांशु और प्रियांशु, दोनों कक्षा 10 के छात्र थे। सोमवार को दोनों गांव के एक पोखरे में नहाने गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान पोखरे के किनारे दोनों भाइयों के कपड़े मिले, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पोखरे में तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों किशोरों के शव पानी से बाहर निकाले गए।

एक साथ बुझ गए घर के दो चिराग
जुड़वा भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों भाई मिलनसार स्वभाव के थे और पढ़ाई में भी अच्छे थे।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।
एक साथ दोनों बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं।
