Connect with us

वाराणसी

जंगल की जमीन पर दबंग का राज, फर्जीवाड़े से कब्जा बढ़ाने का बड़ा खेल!

Published

on

Loading...
Loading...

मिर्जापुर। जनपद के मड़िहान वन क्षेत्र अंतर्गत खचहां खनिया जंगल की जमीन पर वर्षों से अतिक्रमण का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दबंग व्यक्ति द्वारा लगातार वन भूमि पर कब्जा कर जुताई-बुवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसकी पहुंच इतनी प्रभावशाली है कि वन विभाग चाहकर भी कार्रवाई करने में असमर्थ नजर आ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, दबंग ने जंगल से सटी थोड़ी सी जमीन की कथित रूप से फर्जी रजिस्ट्री कराकर दर्जनों बीघा वन भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है और खुलेआम खेती कर लाभ कमा रहा है। इतना ही नहीं, आरोप है कि वन विभाग द्वारा लगाए गए शिनाख्त पिलरों को तोड़कर कब्जे का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त व्यक्ति अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर वन विभाग की उपजाऊ और बहुमूल्य जमीन के बदले अपनी पथरीली और ऊसर भूमि को ट्रांसफर कराने की योजना बना रहा है तथा इसके लिए अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों—फुलचंद, पुनवासी, राम दुलारी, बब्बल, रामनरेश, गिरजा, प्रेम, दीना, राजू और महेश सहित अन्य लोगों—का कहना है कि अवैध कब्जे के चलते जंगल के लाखों हरे-भरे पेड़ों की कटाई हो रही है, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है, जबकि संबंधित अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कब्जा हटाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी संख्या में लोग जिलाधिकारी और डीएफओ कार्यालय का घेराव करेंगे।इस संबंध में मड़िहान वन क्षेत्राधिकारी डी.एस. नेगी ने बताया कि जल्द ही वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

उन्होंने स्पष्ट किया कि वन विभाग की जमीन केवल जनहित के कार्यों के लिए विशेष परिस्थितियों में ही स्थानांतरित की जाती है, किसी व्यक्ति के निजी लाभ के लिए नहीं। साथ ही, हरे-भरे पेड़ों की कटाई और वन भूमि पर कब्जे के मामले में दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page