Connect with us

वाराणसी

विश्वेश्वरगंज मंडी में महंगाई का तड़का, मसालों ने दिखाए तीखे तेवर

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब काशी के थोक और खुदरा बाजारों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। विश्वेश्वरगंज स्थित मसाला मंडी में पिछले एक महीने के दौरान प्रमुख मसालों के दाम में तेज उछाल दर्ज किया गया है, जिससे कारोबारियों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं पर महंगाई का दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

थोक व्यापारियों के मुताबिक बाहरी क्षेत्रों से आने वाली आपूर्ति में बाधा, परिवहन खर्च में वृद्धि और बाजार में अनिश्चितता के कारण कीमतों में तेजी आई है। मंडी में जीरा का भाव 225 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 245 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है, जबकि काली मिर्च 650 रुपये से बढ़कर 750 रुपये प्रति किलो बिक रही है। धनिया के दाम भी 80-100 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 150-200 रुपये प्रति किलो हो गए हैं।

इसी तरह अन्य मसालों में भी बढ़ोतरी देखी गई है। राई 180 रुपये से बढ़कर 225 रुपये प्रति किलो, सौंफ 80 रुपये से बढ़कर 140 रुपये प्रति किलो, मेथी 65 रुपये से बढ़कर 75 रुपये प्रति किलो और अजवाइन 110 रुपये से बढ़कर 135 से 165 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। सोंठ के दाम 225 रुपये से बढ़कर 340 रुपये प्रति किलो हो गए हैं, जबकि जायफल 600 रुपये से बढ़कर 740 रुपये और जावित्री 1800 रुपये से बढ़कर 1900 रुपये प्रति किलो बिक रही है। हालांकि मंगरैला के भाव में गिरावट दर्ज की गई है और यह 260 रुपये से घटकर 210 रुपये प्रति किलो हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो आने वाले दिनों में खुदरा बाजार में भी मसालों की कीमतें और बढ़ सकती हैं।

वहीं, फुटकर बाजार में भी महंगाई का असर दिखाई दे रहा है। खोजवां बाजार में गरम मसालों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। बीते एक महीने में धनिया खड़ा 155 रुपये से बढ़कर 165 रुपये प्रति किलो हो गया है, जबकि मिर्चा खड़ा 290 रुपये से बढ़कर 300 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है।

Advertisement

इसके अलावा काली मिर्च का खुदरा भाव 820 रुपये से बढ़कर 850 रुपये प्रति किलो हो गया है। छोटी इलायची के दाम में भी उछाल दर्ज किया गया है और यह 3600 रुपये से बढ़कर 3800 रुपये प्रति किलो बिक रही है। बड़ी इलायची 2050 रुपये से बढ़कर 2100 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं अन्य मसालों में हल्दी खड़ा 220 रुपये, जीरा 280 रुपये, लौंग 1100 रुपये, जायफल 900 रुपये, दालचीनी 600 रुपये और तेजपत्ता 120 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार थोक बाजार में बढ़ती कीमतों और मांग के चलते खुदरा बाजार में भी तेजी बनी हुई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page