गोरखपुर
आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के आरोप में महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर (जयदेश)। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी चौरी चौरा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चौरी चौरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमे से संबंधित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार थाना चौरी चौरा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 122/2026, धारा 351(3) व 108 बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए एजाज अहमद पुत्र मोहर्रम निवासी ग्राम डुमरी खुर्द, अंकित पुत्र सुबाष तथा ज्योति उर्फ तनु पत्नी अंकित निवासी ग्राम भोपा बाजार (मुण्डेरा बाजार) को हिरासत में लिया गया है। सभी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि अभियुक्तों द्वारा वादिनी की पुत्री का अश्लील वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी गई थी। इस मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर युवती ने आत्महत्या कर ली। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसके क्रम में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है।
