वाराणसी
गर्मी से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा विभाग, निर्बाध आपूर्ति पर जोर
वाराणसी। गर्मी का असर शुरू होते ही शहर में बिजली कटौती की आशंका के बीच विद्युत विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के नगरीय विद्युत वितरण मंडल प्रथम के अधीक्षण अभियंता अनूप मिश्रा ने डाफी उपकेंद्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और ग्रीष्मकाल में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बीएचयू क्षेत्र के निकट स्थित 33/11 केवी डाफी उपकेंद्र के निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता ने उपकरणों, ट्रांसफार्मरों, ब्रेकरों और फीडरों की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित बढ़ते लोड को ध्यान में रखते हुए सभी रखरखाव कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि किसी भी स्थिति में आपूर्ति बाधित न हो।
अधीक्षण अभियंता अनूप मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि ग्रीष्मकाल में विद्युत मांग में तेजी से वृद्धि होती है, ऐसे में डाफी उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में बिजली कटौती की कोई गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए। उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग का लक्ष्य है। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और जूनियर इंजीनियर भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि उपकेंद्र की स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा ट्रांसफार्मरों पर अर्थिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है।
इसी क्रम में नगर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के खंड मढ़ौली अंतर्गत मोहनी कुंज डीपीएच उपकेंद्र में 400 केवी ट्रांसफार्मर पर अर्थिंग का महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ किया गया है। मुख्य अभियंता राकेश कुमार पांडेय के अनुसार, ट्रांसफार्मर की अर्थिंग मजबूत होने से विद्युत प्रणाली की सुरक्षा में वृद्धि होगी और शॉर्ट सर्किट, दुर्घटनाओं व उपकरणों की क्षति का खतरा कम होगा।
इस कार्य के पूरा होने के बाद क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। विशेष रूप से मानसून के दौरान यह व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए राहतकारी साबित होगी।
अधिकारियों ने बताया कि सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि समय पर सभी कार्य पूरे किए जा सकें। इससे जिले में गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा। विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और बेहतर सेवाएं देने के निर्देश दिए हैं।
