वाराणसी
धर्म परिवर्तन के आरोप में दो गिरफ्तार
वाराणसी। जिले के जंसा थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आरएसएस के जिला प्रचार प्रमुख द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के आधार पर की गई। आरोप है कि पकड़े गए लोग ग्रामीणों को 40 हजार रुपये का लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे थे। दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा के अनुसार, 23 मार्च को विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख अमन सेठ ने थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनके परिचित गुलाब सिंह ने सूचना दी कि जंसा थाना क्षेत्र के परमानंदपुर गांव निवासी विजय कुमार ने उनसे मुलाकात कर 40 हजार रुपये का प्रलोभन देते हुए ईसाई धर्म अपनाने की बात कही थी।
तहरीर के मुताबिक विजय कुमार ने गुलाब सिंह को कुल रकम में से 5 हजार रुपये अग्रिम भी दिए थे। इस दौरान उसने हिंदू धर्म की आलोचना करते हुए ईसाई धर्म को श्रेष्ठ बताया और कहा कि इसे अपनाने पर आर्थिक, शैक्षिक और सामाजिक लाभ मिलते हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि धर्म परिवर्तन के बाद शेष 35 हजार रुपये दिए जाएंगे।
पुलिस ने अमन सेठ की शिकायत के आधार पर उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धारा 5(1) और 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान इस मामले में दो अन्य नाम सामने आए, जिनमें जिलेदार राम (निवासी गाडर, थाना सिंधोरा, वाराणसी) और जय प्रकाश (निवासी सिहोरवा, थाना जंसा, वाराणसी) शामिल हैं। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले जंसा क्षेत्र के ही विजय कुमार (42 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
