वाराणसी
गर्मी की छुट्टियों से पहले फ्लाइट टिकटों की जबरदस्त मांग, 90% सीटें फुल
एयरलाइंस ने बढ़ाई सेवाएं, 29 मार्च से वाराणसी-नवी मुंबई नई उड़ान शुरू
वाराणसी। बोर्ड परीक्षाएं की समाप्ति और अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही 15 मई के बाद गर्मी की छुट्टियां घोषित होने की संभावना है। ऐसे में हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोग हिल स्टेशनों की ओर रुख करने की तैयारी में हैं।
हालांकि, लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा से किसी भी प्रमुख हिल स्टेशन के लिए सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध नहीं है। यात्रियों को हिल स्टेशनों तक पहुंचने के लिए पहले दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद या जम्मू जैसे शहरों के एयरपोर्ट पर उतरना पड़ता है, इसके बाद दूसरी उड़ान या अन्य माध्यम से आगे का सफर तय करना होता है।
गर्मी की छुट्टियों के मद्देनजर ठंडे इलाकों की यात्रा के लिए मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी कारण यात्रियों ने पहले से ही टिकटों की बुकिंग करानी शुरू कर दी है, ताकि बढ़ते किराए से बचा जा सके। एयरलाइंस कंपनियों के अनुसार एडवांस बुकिंग का असर अब साफ दिखने लगा है।
IndiGo के सेल्स हेड अनुभव भट्टाचार्य के मुताबिक, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद के लिए फिलहाल सामान्य किराया लागू है, लेकिन इन उड़ानों में लगभग 90 प्रतिशत सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। इसी तरह Akasa Air के सेल्स हेड राहुल सिंह ने भी बताया कि यात्रियों की भारी मांग के चलते विमानों में 90 फीसदी सीटें भर चुकी हैं।
बढ़ती मांग को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियां अपनी सेवाओं का विस्तार भी कर रही हैं। इसी क्रम में 29 मार्च से वाराणसी से नवी मुंबई के लिए नई विमान सेवा शुरू की जाएगी, जिससे यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा।
