Connect with us

वाराणसी

वृहद रोजगार मेले के माध्यम से अब तक प्रदेश में 13 लाख युवाओं को रोजगार मिल चुका है : अनिल राजभर

Published

on

Loading...
Loading...

किसान इंटर कॉलेज में “वृहद” रोजगार मेला में 1234 को मिला रोजगार

वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज परिसर (सेवापुरी विधानसभा) में शुक्रवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी की ओर से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत वृहद रोजगार मेला आयोजित किया गया। मेले में 8240 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें 1234 युवाओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा जॉब ऑफर दिए गए।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगारपरक बनाने के लिए प्रदेश में रोजगार मिशन चलाया जा रहा है। जिसके तहत सभी जनपदों में रोजगार मेलों का आयोजन हो रहा है। साथ ही युवाओं को भाषाई व तकनीकी प्रशिक्षण देकर उन्हें आधुनिक उद्योगों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अब तक ऐसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश में करीब 13 लाख युवाओं को रोजगार मिल चुका है। विदेशों में रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न संस्थानों से समझौते किए गए हैं। और जापान में 4000 महिलाओं को रोजगार दिलाने की प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान मुख्य अतिथि ने 10 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किया।

Advertisement

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित किया और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल ने सेवायोजन विभाग की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही।


रोजगार मेले में हिण्डाल्को, जीएमआर, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, टीवीएस, सुजुकी, विवो, डिक्सन, कोटक महिंद्रा सहित कुल 51 कंपनियों ने भाग लिया। अभ्यर्थियों का चयन 10 हजार से 40 हजार रुपये प्रतिमाह तक के वेतनमान पर किया गया।

इस मौके पर किसान इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिवराज मिश्रा, अखिलेश सिंह गौतम, विमल सिंह, सहायक निदेशक सेवायोजन मुकेश कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह, विवेकानंद (गाजीपुर), गिरीजेश कुमार गुप्ता (चंदौली), ओमजी गुप्ता (जौनपुर) सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page