Connect with us

राज्य-राजधानी

रसहरा में ‘जल अर्पण-2026’ कार्यक्रम आयोजित, पेयजल योजनाओं के बेहतर रखरखाव पर दिया गया जोर

Published

on

Loading...
Loading...

संतकबीरनगर। विकास खंड बघौली के ग्राम पंचायत रसहरा में शुक्रवार को ‘जल अर्पण-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक अंकुरराज तिवारी ने की। इस अवसर पर ग्रामीणों को पेयजल योजना के संचालन, रखरखाव तथा जल के समुचित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही जल संरक्षण के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने की। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है और इसका संरक्षण करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने लोगों को जल का सदुपयोग करने तथा अनावश्यक बर्बादी से बचने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही जल जीवन मिशन योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ और सुरक्षित जल मिल सके।

सदर विधायक अंकुरराज तिवारी ने महिलाओं और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गांवों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था मजबूत होने से जल जनित बीमारियों में काफी कमी आएगी। विधायक ने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में चल रही अन्य 134 नल पेयजल योजनाओं को भी जल्द से जल्द पूर्ण कराकर ग्रामीणों को इसका लाभ दिलाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं के अंतर्गत बनाई गई सभी इकाइयों का रखरखाव ग्राम पंचायत स्तर पर सामुदायिक सहभागिता से किया जाना चाहिए, ताकि योजनाएँ लंबे समय तक सुचारु रूप से चलती रहें।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली एफटीके महिलाओं, पंप ऑपरेटरों और ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विधायक ने योजना का निरीक्षण भी किया और परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Advertisement

अधिशासी अभियंता जल निगम डॉ. महेंद्र राम ने ग्रामीणों से अपील की कि जल जनित बीमारियों से बचने के लिए टंकी के स्वच्छ पानी का ही उपयोग करें और जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखें।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख बघौली के प्रतिनिधि, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंद्रिका प्रसाद, जल निगम के अधिकारी, इंजीनियर तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page