राज्य-राजधानी
निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण को लेकर मंडलायुक्त का दौरा, मतदाता पंजीकरण केंद्रों का किया निरीक्षण
संतकबीरनगर। निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मंडलायुक्त बस्ती मंडल बस्ती एवं रोल प्रेक्षक द्वारा जनपद संतकबीरनगर का द्वितीय भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों 312-मेहदावल, 313-खलीलाबाद तथा 314-धनघटा (अजा) में भ्रमण कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की।
भ्रमण के दौरान मंडलायुक्त ने विभिन्न मतदाता पंजीकरण केंद्रों का निरीक्षण करते हुए वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की और कार्य को पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृतक एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नामों का विलोपन तथा त्रुटियों के सुधार का कार्य गंभीरता के साथ किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जोड़ा जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर आने वाले लोगों को आवश्यक जानकारी और सहयोग प्रदान किया जाए। साथ ही पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी देते हुए सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।
