Connect with us

गोरखपुर

पत्रकार के किराए के मकान में चोरी

Published

on

Loading...
Loading...

ताला तोड़कर लाखों के जेवरात व नकदी पार, पड़ोसी किरायेदार का कमरा भी खंगाला

गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित श्रीरामपुर कॉलोनी में चोरों ने सूने पड़े किराए के मकान को निशाना बनाते हुए पत्रकार के कमरे का ताला तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी कर ली। चोर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने उसी मकान में रह रही एक अन्य किरायेदार के कमरे का भी ताला तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया और फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पत्रकार प्रिंस पांडेय कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित श्रीरामपुर कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं। बताया जा रहा है कि 3 मार्च को वह अपने पैतृक गांव पिपराइच थाना क्षेत्र के मठिया चले गए थे। इस दौरान उनका कमरा बंद था।

5 मार्च को जब वह वापस अपने कमरे पर लौटे तो मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखकर सन्न रह गए। जब उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा देखा तो उसका ताला भी टूटा हुआ था। कमरे के अंदर जाने पर आलमारी का लॉक टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था।

Advertisement

जांच करने पर पता चला कि चोर आलमारी में रखे सोने का हार, टीका, नाक की कील, पायल, चांदी की तस्तरी सहित अन्य जेवरात और लगभग 70 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

चोरों ने केवल पत्रकार का ही कमरा नहीं बल्कि उसी मकान में बगल के कमरे में रह रही किरायेदार नेहा प्रजापति के कमरे को भी निशाना बनाया। उनके कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने मंगलसूत्र, कान के झालर और दो जोड़ी पायल चोरी कर ली। घटना के बाद दोनों किरायेदारों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि चोरी करने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page