गाजीपुर
प्राचीन काली मंदिर परिसर में दक्षिणेश्वर महादेव व हनुमान मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा 20 फरवरी को
रामपुर (गाजीपुर) जयदेश। रामपुर स्थित प्राचीन काली मंदिर के प्रांगण में दक्षिणेश्वर महादेव और हनुमान जी की मूर्तियों की स्थापना को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है। इस पावन अवसर पर 20 फरवरी को विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा। तीन दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ 18 फरवरी को कलश यात्रा के साथ हो चुका है।
कलश यात्रा में गांव की माताओं और कन्याओं ने परंपरागत वेशभूषा में मंदिर से गंगाजल लेकर पूरे गांव भ्रमण करते हुए मंदिर प्रांगण तक यात्रा निकाली। श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
यह तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान आचार्य अष्टमी पांडेय जी के पौरोहित्य में 20 फरवरी को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। इसके उपरांत 21 फरवरी को भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्रामीण मंदिर निर्माण एवं स्थापना का उत्सव मनाएंगे।

मंदिर स्थापना के पीछे एक प्रेरणादायक कथा भी जुड़ी हुई है। गांव निवासी राजेंद्र बहादुर सिंह और सुरेंद्र बहादुर सिंह, जो हनुमान जी के परम भक्त थे, ने काली मंदिर के जीर्णोद्धार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बताया जाता है कि राजेंद्र बहादुर सिंह को स्वप्न में हनुमान जी के मंदिर की स्थापना का दैवीय संकेत मिला था, किंतु स्वास्थ्य कारणों से वे इस कार्य को पूर्ण नहीं कर सके।
दशकों बाद ग्रामीणों के मन में काली मंदिर के सौंदर्यीकरण के साथ हनुमान मंदिर स्थापना का विचार पुनः जागृत हुआ। इस दिशा में श्रीमती निशा सिंह ने पहल की, जिसमें उनके पुत्र राकेश सिंह, सौरभ सिंह एवं इंजीनियर गौरव ने बड़ी धनराशि समर्पित कर सहयोग दिया। इस पूरे अभियान को सुनील सिंह के नेतृत्व में क्रियान्वित किया गया, जिसमें गांव के नर-नारियों का आर्थिक व मानसिक सहयोग प्राप्त हुआ।
इसी क्रम में दवा व्यवसायी एवं समाजसेवी आनंद सिंह के मन में दक्षिणेश्वर महादेव मंदिर की स्थापना का संकल्प उत्पन्न हुआ, जिसके परिणामस्वरूप काली मंदिर परिसर में दक्षिणेश्वर महादेव मंदिर का भी निर्माण कराया गया।
मंदिर स्थापना को लेकर पूरा गांव उत्साहित है और 20 फरवरी का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। समिति के प्रवक्ता शैलेश सिंह रघुवंशी ने बताया कि इस धार्मिक अभियान में सीताराम मिस्त्री, जमुना प्रसाद, संग्राम सिंह, बबलू मिश्रा, विवेक मिश्रा, राजकुमार सिंह, अभिषेक सिंह, सोनू अमिताभ सिंह, टुनटुन सिंह, मनोज सिंह, जसवंत सिंह, ओमप्रकाश सिंह एवं राकेश सिंह सहित अनेक लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।
