वाराणसी
मणिकर्णिका घाट पर शवदाह रोके जाने की खबर को डोम राजा ने बताया अफवाह
वाराणसी। शनिवार सुबह मणिकर्णिका घाट पर शवों के अंतिम संस्कार को रोके जाने की सूचना से तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। इस पर डोम राजा विश्वनाथ चौधरी ने स्पष्ट किया कि शवदाह बंद करने की बात पूरी तरह अफवाह है। उन्होंने कहा कि घाट पर अंतिम संस्कार की परंपरा जारी है और किसी तरह की रोक नहीं लगाई गई है।
डोम राजा ने बताया कि इस संबंध में रात में प्रशासन से बातचीत हुई थी। अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन ने पांच जनवरी तक का समय मांगा है। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर गलतफहमी फैली और शवदाह रोके जाने की बात सामने आई।
उल्लेखनीय है कि शनिवार सुबह मणिकर्णिका घाट पर शवों के अंतिम संस्कार पर रोक की सूचना मिलने पर मीडियाकर्मी मौके पर पहुंचे थे। जानकारी में सामने आया कि सुबह करीब छह बजे से कुछ समय के लिए शवों को रोका गया था, हालांकि थोड़ी देर बाद पुनः अंतिम संस्कार शुरू कर दिया गया।
बताया गया कि दो दिन पहले डोम राजा परिवार ने जिला प्रशासन और नगर निगम को अल्टीमेटम दिया था। चेतावनी दी गई थी कि यदि 72 घंटे के भीतर घाटों से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो काशी में शवदाह पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के बाद ही अंतिम संस्कार शुरू होगा। डोम राजा परिवार का कहना था कि मणिकर्णिका गेट से लेकर अंतिम संस्कार स्थल तक अतिक्रमण फैला हुआ है। अतिक्रमण के कारण शव लेकर आने वाले लोगों को गलियों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
