चन्दौली
महिलाओं की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही क्षम्य नहीं : राज्य महिला आयोग सदस्य
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को किया गया सम्मानित
चंदौली। राज्य महिला आयोग की सदस्या ने बुधवार को जनपद का दौरा किया और मुख्यालय स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जनसुनवाई कर महिलाओं की शिकायतें सुनीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार बालिकाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और बालिकाओं को बेहतर शिक्षा व उज्जवल भविष्य के अवसर प्राप्त हों।
राज्य महिला आयोग की सदस्या ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक हर हाल में पहुँचे। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों — जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, बाल संरक्षण अधिकारी किशन वर्मा, महिला कल्याण अधिकारी दीक्षा अग्रहरि, सहित महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शाम को सदस्या ने नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। उन्होंने दुकानदार महिलाओं से सरकार की योजनाओं की जानकारी ली और पूछा कि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं।
उन्होंने कहा कि “प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।”
इस मौके पर सीओ सदर देवेंद्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, कस्बा इंचार्ज देवेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
