वाराणसी
नशे में धुत चालक ने दौड़ाई कार, कई घायल; पुलिस कार्रवाई पर सवाल
होटल से शराब पीकर निकले थे चारों युवक
वाराणसी। जिले में बीती शाम एक शराबी युवक ने तेज रफ्तार कार से तांडव मचा दिया। नशे की हालत में उसने चार किलोमीटर तक कार दौड़ाई और इस दौरान कई लोगों को घायल कर दिया। घटना रवींद्रपुरी पुल के पास उस समय थमी जब कार खंभे से टकराकर रुक गई। हादसे में एक दर्जन लोग चोटिल हुए।
कार पोल से भिड़ी, तीन आरोपी फरार
कार की रफ्तार से घायल लोग जब उसका पीछा करने लगे तो चालक ने और तेज गति से कार भगाई। रवींद्रपुरी पुल से नीचे उतरते समय कार एक विद्युत पोल से टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पोल उखड़ गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने कार सवार चार युवकों की पिटाई कर दी। अफरातफरी के बीच तीन युवक फरार हो गए, जबकि एक को भेलूपुर पुलिस ने पकड़ लिया।

होटल से शराब पीकर निकले थे चारों युवक
कार में बिहार के पियरो निवासी अविनाश राय, सामने घाट निवासी अंशु सिंह, संकट मोचन निवासी कृष यादव और चालक प्रिंस वर्मा सवार थे। आरोप है कि सभी ने शाम को एक होटल में शराब पी और वहां से कार लेकर निकले। असि, नगवां, संत रविदास पार्क, ट्रामा सेंटर और लंका होते हुए वे रवींद्रपुरी पुल की ओर बढ़े।
कार की चपेट में आने से असि के चाय दुकानदार अमित, राजेश पटेल, रामदुलारे, दिनेश समेत कई लोग घायल हो गए। अन्य घायलों का पता नहीं चल सका। गुस्साई भीड़ कार को जलाने जा रही थी, लेकिन समय पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाल ली।
घटना के बाद चालक प्रिंस वर्मा और अंशु सिंह मौके से फरार हो गए। पिटाई से घायल कृष यादव को ओरियाना अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वह भी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। अविनाश राय को भेलूपुर पुलिस ने पकड़कर थाने लाया।
घायल प्रमोद ने भेलूपुर थाना में तहरीर दी, लेकिन देर रात तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हो सकी। चार किलोमीटर तक शहर की सड़कों पर अराजकता फैलाने के बावजूद रास्ते में कहीं भी पुलिस दिखाई नहीं दी।
