Connect with us

राज्य-राजधानी

पिता-पुत्र की एक साथ यूपी पुलिस में भर्ती, जानिए कैसे हुआ कमाल

Published

on

Loading...
Loading...

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक प्रेरणादायक खबर सामने आयी है, जहां एक पिता और बेटे ने साथ में यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा पास कर मिसाल कायम की है। यशपाल नागर और उनके बेटे शेखर नागर ने एक साथ लाइब्रेरी में पढ़ाई की, परीक्षा दी और अब एक साथ उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बन गए हैं।

दोनों ने रविवार को लखनऊ के डिफेंस एक्सपो वेन्यू में गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नियुक्ति पत्र प्राप्त किया। दोनों के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी।

सेना से रिटायर होने के बाद यशपाल नागर ने फिर से देश सेवा का रास्ता चुना। उन्होंने 2003 में आर्मी ऑर्डनेंस कोर में सेवा शुरू की थी और 16 वर्षों तक देश की सेवा के बाद 2019 में रिटायर हुए। जब यूपी पुलिस की भर्ती 2024 में शुरू हुई, तो उन्होंने दोबारा परीक्षा देने का फैसला किया और बेटे के साथ तैयारी शुरू कर दी।

अब यशपाल शाहजहांपुर में और शेखर बरेली में ट्रेनिंग लेंगे। शेखर ने बताया कि वह पिछले ढाई वर्षों से लगातार सिपाही भर्ती, सीडीएस और यूपी दरोगा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इस सफलता के बाद भी वह आगे पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखेंगे।

Advertisement

इस खास मौके पर परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है और यह प्रेरणादायक कहानी कई युवाओं के लिए एक मिसाल बन चुकी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page