सोनभद्र
सदस्य महिला आयोग ने सर्किट हाउस में की जन सुनवाई
सोनभद्र। सदस्य महिला आयोग ने चुर्क गुरमा जेल महिला बंदी गृह, जिला अस्पताल, वन स्टाफ सेंटर, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया निरीक्षणसोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने गुरुवार को अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान चुर्क गुरमा जेल महिला बंदी गृह, जिला अस्पताल, वन स्टाफ सेंटर और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया।
चुर्क गुरमा जेल के निरीक्षण के दौरान सदस्य ने महिला विचाराधीन बंदियों से सीधा संवाद किया। जेल में सजायाफ्ता कैदियों के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण देने के लिए उच्च स्तर पर पत्राचार करने का निर्देश दिया। साथ ही, महिला बंदी गृह में महिला स्वीपर की कमी पर भी ध्यान देते हुए जेलर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इसके बाद, सदस्य ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
इमरजेंसी वार्ड में डस्टवीन को बेड से सटाकर रखने पर नाराजगी जताई और सीएमएस को साफ-सफाई में सुधार के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, डिलीवरी वार्ड में महिलाओं के लिए लगे एसी की खराब स्थिति को देखकर उसे ठीक करने के लिए निर्देश जारी किए।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण करते हुए, उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने और बच्चों के लिए बेहतर भोजन एवं नाश्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात की।
साथ ही, छात्राओं को खेलों के प्रति उत्साहित करने के लिए भी प्रयास करने का निर्देश दिया।इसके बाद, सर्किट हाउस सभागार चुर्क में जन सुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें सदस्य ने महिलाओं के सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
महिलाओं के उत्पीड़न के मामलों में तत्परता से कार्रवाई करने की बात की। उन्होंने अधिकारियों को महिला उत्पीड़न के मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जन सुनवाई के दौरान, दूर-दराज से आई महिलाओं ने अपने दुःख-दर्द को साझा किया, और संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर न्याय दिलाने के लिए निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी इंद्रावती कुमारी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, महिला थानाध्यक्ष सरिता सरोज, गायत्री दुबे, आकांक्षा पांडे आदि उपस्थित रहे।
