Connect with us

भदोही

28 जून से शुरू होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 0 से 5 वर्ष के सभी बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

Published

on

Loading...
Loading...

भदोही। आगामी 28 जून से प्रारम्भ होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में जिला पल्स पोलियो टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को पूर्ण सफलता दिलाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि जनपद का कोई भी 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 28 जून को बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा, जबकि 29 जून से 03 जुलाई तक घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त 06 जुलाई को बी-टीम गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।

संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों, घुमंतू परिवारों तथा अन्य अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने रेलवे स्टेशन, बस एवं टैम्पो स्टैंड, प्रमुख चौराहों तथा मेलों में विशेष ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमों की तैनाती कर अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंच बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रतिदिन ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित कर छूटे हुए बच्चों का तत्काल आच्छादन सुनिश्चित किया जाए।

Advertisement

व्यापक जनजागरूकता अभियान के निर्देश

जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया, वाल राइटिंग, जन-जागरूकता रैलियों, माइकिंग, डिजिटल स्क्रीन, होर्डिंग्स एवं स्थानीय समाचार माध्यमों के जरिए पल्स पोलियो अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मिशन मोड में कार्य करते हुए जनपद को आवंटित लक्ष्य के अनुरूप पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें, ताकि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और मजबूत किया जा सके।

बैठक में एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय, जिला अस्पताल के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page