भदोही
22 जुलाई से शुरू होगा खुरपका-मुंहपका रोग का विशेष टीकाकरण अभियान
2.09 लाख गोवंश और भैंसवंशीय पशुओं को लगाया जाएगा निःशुल्क टीका, गांव-गांव पहुंचेंगी टीमें
ज्ञानपुर (भदोही)। पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाने के लिए जनपद में विशेष टीकाकरण अभियान 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक चलाया जाएगा। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिले के करीब 2.09 लाख गोवंश और भैंसवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ 22 जुलाई को सुबह 10 बजे जिलाधिकारी शैलेष कुमार द्वारा टीकाकरण टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि निर्धारित तिथि पर अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं और विभागीय टीमों का सहयोग करें।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सचान ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 15 टीकाकरण टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें ब्लॉकवार गांव-गांव पहुंचकर पशुओं को टीका लगाएंगी।
उन्होंने बताया कि चार माह से कम आयु के बछड़े-बछिया तथा सात माह की गर्भवती गाय और भैंस को टीका नहीं लगाया जाएगा।
इन लक्षणों पर तुरंत करें संपर्क
पशुपालन विभाग के अनुसार खुरपका-मुंहपका रोग में पशुओं के मुंह और खुरों में छाले पड़ना, तेज बुखार, लंगड़ापन, चारा कम खाना और दूध उत्पादन में कमी जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। ऐसे लक्षण मिलने पर पशुपालकों को तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सालय या पशु चिकित्साधिकारी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण कराएं, ताकि पशुओं को गंभीर बीमारी से बचाया जा सके।
