भदोही
22 जुलाई को होगा भाजपा का बूथ सम्मेलन, 1404 बूथों के कार्यकर्ता होंगे शामिल
तीनों विधानसभाओं में एक साथ आयोजित होगा कार्यक्रम, जिला अध्यक्ष दीपक मिश्रा बोले- बूथ ही संगठन की सबसे मजबूत इकाई
भदोही। भारतीय जनता पार्टी जनपद भदोही की ओर से संगठनात्मक मजबूती को लेकर 22 जुलाई को सुबह 10 बजे जिले की तीनों विधानसभाओं में एक साथ भव्य बूथ सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में जनपद के कुल 1404 बूथों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे।
यह कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा के नेतृत्व एवं जिला प्रभारी नागेंद्र रघुवंशी के दिशा-निर्देश में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन को लेकर तीनों विधानसभा क्षेत्रों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
औराई विधानसभा में 442 बूथों का होगा सम्मेलन
औराई विधानसभा के 442 बूथों का सम्मेलन चित्रांश लॉन, औराई चीनी मिल गेट के पास आयोजित होगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कीर्ति अग्रवाल रहेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में औराई विधायक दीनानाथ भास्कर एवं विधानसभा संयोजक राजेश पटेल मौजूद रहेंगे।
ज्ञानपुर में 458 बूथों के कार्यकर्ता होंगे शामिल
ज्ञानपुर विधानसभा के 458 बूथों का सम्मेलन चित्रांगना लॉन, ज्ञानपुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल सिंह होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा एवं भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के विधानसभा संयोजक विमल मिश्रा हैं।
भदोही विधानसभा के 504 बूथों का सम्मेलन सुरियावां में
भदोही विधानसभा के 504 बूथों का सम्मेलन दिव्या वाटर पार्क, सुरियावां में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी शामिल होंगे। विधानसभा संयोजक की जिम्मेदारी फूलचंद पंकज को दी गई है।
संगठन को मजबूत करने पर रहेगा जोर
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि बूथ संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। पार्टी का मजबूत संगठन बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से तैयार होता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों की निगरानी संबंधित विशिष्ट अतिथियों और विधानसभा संयोजकों द्वारा की जा रही है। बूथ सम्मेलन के जिला संयोजक सतीश चंद्र पांडेय हैं।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
