भदोही
16 जुलाई को गोपीगंज में निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा
श्री मंगलम् सेवा समिति की तैयारियां तेज, वृंदावन वाटिका से शाम 6 बजे शुरू होगी शोभायात्रा
भजन-कीर्तन और जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंजेगा नगर, श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
गोपीगंज (भदोही), 13 जुलाई। गोपीगंज नगर में भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा 16 जुलाई (गुरुवार) को सायं 6 बजे निकाली जाएगी। श्री मंगलम् सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित यह विशाल शोभायात्रा वृंदावन वाटिका, फूलबाग (ज्ञानपुर रोड) से विधिवत पूजन-अर्चन के बाद प्रारंभ होगी।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रथ यात्रा को लेकर सभी तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। यात्रा मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद एवं पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। रथ यात्रा के दौरान पूरे नगर में भजन-कीर्तन, धार्मिक झांकियां और “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय रहेगा। श्रद्धालुओं में इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
